मंडी : धर्मवीर ( TSN)- केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भव योजना के तहत मंडी जिला में 1 लाख लाभार्थियों के कार्ड बनाए जाएंगे। यह जानकारी वीरवार को मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सीएमओ मंडी एनके भारद्वाज ने दी। सीएमओ मंडी एनके भारद्वाज ने बताया कि पिछले रोज पूरे देश में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयुष्मान भव योजना की शुरुआत की गई है।
इस योजना के तहत पूरे देश में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। सेवा पखवाड़ा योजना के तहत, आयुष्मान भव, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और अंगदान संकल्प अभियान चलाया जाएगा। एनके भारद्वाज ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े के दौरान आयुष्मान आपके द्वारा 3.0 के तहत आशावर्कर घर-घर जाकर लाभार्थियों की स्क्रीनिंग करेंगी। स्क्रीनिंग करने के उपरांत हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पर इन लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। वहीं लाभार्थी स्वयं ऑनलाइन भी आयुष्मान कार्ड के लिए अप्लाई कर सकते हैं। हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पर कार्ड के माध्यम से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी के लिए आयुष्मान मेला लगाया जाएगा। इसके उपरांत आयुष्मान सभा के दौरान लाभार्थियों को यह कार्ड वितरित किए जाएंगे। बता दें की आयुष्मान भव योजना केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की राष्ट्रव्यापी पहल है। इस योजना का उद्देश्य देश के हर गांव व कस्बे में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचना है।
