Una, Rakesh-:उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत जिले के 10 पात्र लाभार्थियों को विवाह सहायता की शेष 60-60 हजार रुपये की राशि फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में प्रदान की। यह राशि लाभार्थियों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जारी की गई है।
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत प्रत्येक पात्र अनाथ बच्चे को विवाह के लिए कुल 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसमें से 1 लाख 40 हजार रुपये की राशि विवाह के समय पहले ही प्रदान की जा चुकी थी, जबकि शेष 60 हजार रुपये अब एफडी के रूप में जारी किए गए हैं।उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनाथ बच्चों के सर्वांगीण कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। सुख-आश्रय योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह तथा आर्थिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे प्रदेश के हजारों अनाथ बच्चों को लाभ मिल रहा है।उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनाथ बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के अंतर्गत शिक्षा, विवाह, व्यावसायिक प्रशिक्षण, गृह निर्माण और स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने के लिए भी आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिला ऊना में बीते दो वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के विभिन्न प्रावधानों के तहत लगभग पौने चार करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है, जिससे निराश्रित बच्चों को सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य का अवसर मिला है।
