राहुल चावला , धर्मशाला: प्रदेश के युवाओं को जब तक रोजगार नहीं मिलता तब तक उन्हें बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। यह बेरोजगारी भत्ता आम आदमी पार्टी की ओर से प्रदेश के युवाओं को अपनी रोजगार गारंटी के तहत दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी युवा विंग अध्यक्ष अनूप पटियाल ने धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान हिमाचल प्रदेश के लाखों बेरोज़गार युवाओं को आम आदमी पार्टी की ओर से दी गई रोजगार गारंटी बारे बताते हुए कहा कि हिमाचल के हर युवा को रोजगार दिया जाएगा। जब तक रोजगार नहीं मिलता, तब तक 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर 6 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। सरकारी नौकरी में भ्रष्टाचार पूरी तरह खत्म किया जाएगा। सरकारी क्षेत्र की नौकरी में सिफारिश और भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त कर पारदर्शिता लाई जाएगी, और आम जनता को नौकरी के अवसर दिए जाएंगे।
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर अग्निवीर योजना को लेकर भी हमला बोला । उन्होंने देश की सेना में हिमाचल के नौजवानों की भूमिका बारे बताते हुए पटियाल ने कहा कि देश का पहला परमवीर चक्र हिमाचल के वीर सपूत मेजर सोमनाथ शर्मा के नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। जब -जब देश की सुरक्षा की बात आई है हिमाचल के युवाओं ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की है ,अमोल कालिया, विक्रम बतरा, सुधीर वालिया जैसे वीर सपूतों को अपना आदर्श मान सेना में सेवा देने का जज़्बा रखने वाले प्रदेश के लाखों युवाओं पर केंद्र की भाजपा सरकार की ओर से ज़बरन लादी जा रही अग्निवीर योजना भारत में बेरोज़गारी की आग की लपटों को और हवा दे रही है। आज इस अग्निवीर योजना का विरोध वीरभूमि हिमाचल के साथ – साथ पूरे भारत में हो रहा है ।
