सचिन शर्मा,मनाली(TSN): कहते हैं कि जोड़ियां आसमान में बनती हैं और जमीन पर आकर उनका मिलन होता हैं लेकिन अब आमसान से बनकर आई जोड़ियों का मिलन भी जमीन से ऊपर हवा में ही होने लगा हैं। प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में भी ऐसे अनोखे मिलन का नजारा देखने को मिला हैं, जहां दीपांकर कपूर और जाह्नवीं शर्मा ने अपनी रिंग सेरेमनी में एक-दूसरे को जमीन से 200 फुट ऊपर हवा में रिंग पहनाई। यह रिंग सेरेमनी 22 सितंबर को मनाली के फ्लाई डायनिंग में संपन्न हुई।
बता दें कि नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश नगर निकाय अध्यक्ष/उपाध्यक्ष फेडरेशन के अध्यक्ष चमन कपूर के बेटे दीपांकर और बागवान मनु शर्मा की बेटी जाह्नवीं शर्मा एक-दूसरे के साथ परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। इन दोनों की शादी 5 नवंबर से 10 नवंबर तक मनाली में संपन्न होगी। इससे पहले दोनों ने अनूठे तरीके से सगाई करने की सोची और उसके लिए फ्लाई डायनिंग का चयन किया। दोनों के परिजन इस समारोह में शरीक हुए। इसके साथ ही पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और भाजपा व कांग्रेस के कई अन्य नेता भी इस अनूठी सगाई के साक्षी बने। हालांकि इसमें मनाली के विधायक ने भी आना था लेकिन विधानसभा सत्र के चलते वे नहीं आ पाए।
बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में इससे पहले इस तरह की अनूठी सगाई कहीं नहीं हुई और इसकी चारों तरफ खूब चर्चा हो रही हैं।
