अरविंदर सिंह,हमीरपुर: जिला हमीरपुर के सुजानपुर में रविवार को होली मेले की शुरुआत हुई हैं। रविवार को होली मेले की पहली स्टार नाइट थी जिसमें जमकर हंगामा हुआ। सुजानपुर के चौगान ग्राउंड में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में स्टार नाइट में पंजाबी सिंगर काका ने स्टेज पर प्रस्तुति दी। पंजाबी सिंगर काका ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने सुप्रसिद्ध गाने गाए जिसका युवाओं के अलावा आए हुए लोगों ने भी लुत्फ उठाया। जब तक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पंडाल में मौजूद रहे तब तक उपस्थित जनता और युवा भी झूमते हुए काका के गानों का लुत्फ उठाते रहे, लेकिन जैसे ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम से वापस गए तो वैसे ही युवाओं की भीड़ भी पीछे से उठकर स्टेज के बिल्कुल सामने आ गई।
सुजनापुर में सिंगर काका के गानों को सुनने के लिए हमीरपुर के अलावा साथ लगते कांगड़ा व संधोल क्षेत्र से युवा पहुंचे हुए थे। ऐसे में पुलिस को भीड़ संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी । लगभग रात 11:15 तक मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम देखें और जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला वहां से रवाना हुआ तो बड़ी संख्या में युवक पुलिस का घेरा तोड़ते हुए स्टेज के नजदीक तक जा पहुंचे। यहां तक कि कुछ युवक स्टेज पर चढ़कर डांस करने लगे। आलम यह रहा कि बेकाबू हुए युवकों को कंट्रोल करने में पुलिस वालों के पसीने छूट गए। इस दौरान सिंगर काका ने भीड़ को शांत करने के लिए स्टेज से जाने तक की बात कह दी। इसके उपरांत पुलिस ने मशक्कत कर लोगों को स्टेज से उतारकर कार्यक्रम शुरू करवाया।
[
