विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के चिंतपूर्णी में नया बस स्टैंड के पास बनी नालियों पर ग्रिल ना लगे होने के कारण यहां श्रद्धालुओं के साथ हादसा हो गया। माता रानी के दर्शन करके वापस लुधियाना जा रहे श्रद्धालुओं को उस वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा, जब नया बस स्टैंड चिंतपूर्णी के प्रवेश द्वार के पास मंदिर न्यास के होटल की बिल्डिंग के साथ सड़क के किनारे नाली पर लोहे की ग्रिल ना होने के कारण बस को पास देती हुई श्रद्धालुओं की 2 गाड़ियां नाली के अंदर गिर गई और फंस गई।
इसमें एक गाड़ी तो जल्दी ही निकल गई जबकि दूसरी गाड़ी को निकालने के लिए 1 घंटे के लगभग का समय लग गया। इस कारण गाड़ी में सवार लुधियाना की महिलाओं ने यहां की व्यवस्थाओं पर नाराज़गी भी ज़ाहिर की। यह दोनों गाड़ी सवार सुबह के समय मां के दरबार में हाजिरी भरने पहुंचे थे और दोपहर 1:30 बजे के करीब वापस लुधियाना लौट रहे थे जिस वक्त यह हादसा हुआ। वहीं श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है इस नाली के ऊपर ग्रिल लगाई जाए क्योंकि यह तो दिन का समय था तो उन्हें इतनी ज्यादा परेशानी नहीं हुई । मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह ने बताया जहां यह गाड़ियां गिरी है वहां पर जल्द ही लोहे की ग्रिल लगवाई जाएगी।
