शिमला:संजु चौधरी(TSN)-लोकतंत्र के महापर्व में प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर जहां भगवा लहराया है.वहीं विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है,जबकि भाजपा के हिस्से में दो सीटें आई है।चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सहित मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने जनमत को स्वीकार करते हुए जनता व कार्यकर्ताओं का आभार जताया है।
चुनाव नतीजों के बाद लोक निर्माण मंत्री व मंडी संसदीय क्षेत्र से रहे कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि हालांकि उन्हें इन चुनावों में सफलता नहीं मिली पर वह मंडी संसदीय क्षेत्र के अपने विकास के विजन के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और उसे हर हाल में पूरा करेंगे। उन्होंने उन सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया जिन्होंने इन चुनावों में उनका भरपूर समर्थन किया। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी कंगना रनौत को जीत के लिए शुभकामनाएं भी दी।
दलबदल व धनबल को नकारते हुए जनता ने जिताया
उप चुनाव
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चुनावों में हार जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि वह जनादेश का सम्मान करते हैं और इसे स्वीकार भी। उन्होंने कहा कि वह सदैव मंडी के लोगों के साथ खड़े रहे हैं और हमेशा रहेंगे।विक्रमादित्य सिंह ने छह विधानसभा उप चुनावों में कांग्रेस को चार सीटों पर मिली जीत पर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने दलबदल व धनबल को नकारते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार पूरी तरह मजबूत है जो अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
प्रतिभा सिंह बोली जनमत है स्वीकार,लोकसभा में मिली हार पर होगा मंथन
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जनमत को स्वीकार करते हुए कहा कि प्रदेश में भले ही कांग्रेस को चारों लोकसभा सीटों पर हार मिली है लेकिन वही विधानसभा उपचुनाव में चार सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। उन्होंने जनता व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने भले ही मोदी सरकार को लोकसभा की चारों सीटें दी हैं लेकिन कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की है। वही प्रतिभा सिंह ने लोकसभा की चारों सीटों पर हुई हार को लेकर कहा कि इस पर चिंतन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और पार्टी ने मिलजुल कर कार्य किया लेकिन कहीं ना कहीं कुछ कमी रह गई। उन्होंने कहा कि इन कमियों को ढूंढ कर उसे पर पूरी तरह से कार्य किया जाएगा
