भावना,शिमला : हिमाचल में चुनावी वर्ष में युवाओं को साधने के लिए कांग्रेस की ओर से रोजगार संघर्ष यात्रा शुरू की गई है। इसके लिए कांग्रेस के युवा विधायक विक्रमादित्य सिंह और रघुवीर सिंह बाली को कमान सौंपी है। रघुवीर बाली ने तो शुक्रवार को कांगड़ा जिला में यात्रा का आगाज किया है वही अब मंडी में विक्रमादित्य सिंह इस यात्रा को शुरू करने जा रहे है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त प्रदेश में युवा रोजगार यात्रा के संयोजक कांग्रेस महासचिव विधायक विक्रमादित्य सिंह 12 व 13 सितंबर को मंडी संसदीय क्षेत्र में युवा रोजगार यात्रा का नेतृत्व करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस सचिव युवा कांग्रेस के सह प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि विक्रमादित्य सिंह 12 सितंबर को सुबह 10 बजे करसोग व दोपहर 2 बजे सराज विधानसभा क्षेत्र के जनझेली में युवा रोजगार यात्रा का नेतृत्व करेंगे। इस दिन रात्रि विश्राम थुनाग में रहेगा।
13 सितंबर को विक्रमादित्य सिंह सुबह 10 बजे नाचन विधानसभा क्षेत्र के चैलचौक व दोपहर 2 बजे बल्ह विधानसभा क्षेत्र के नेरचौक में इस यात्रा का नेतृत्व करेंगे,उसके बाद शिमला लौट आएंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है । सरकार बैकडोर एंट्री से नौकरियां दे रही है । प्रदेश में पुलिस भर्ती सहित कई पेपर लीक कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और कांग्रेस की ओर से रोजगार संघर्ष यात्रा शुरू की गई जिसमें इन मुद्दों को लेकर युवाओं के बीच लाया जाएगा।
