बिलासपुर, सुभाष-: सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मल्यावर में लगातार बनी पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग के समक्ष पंचायत में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध न होने से लोगों को हो रही परेशानियों को विस्तार से रखा और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने विभाग से आग्रह किया कि इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कदम उठाए जाएं।जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्य शुरू करने के निर्देश देने की बात कही। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विभाग शीघ्र कार्रवाई कर पंचायत को पेयजल संकट से राहत दिलाएगा।
