मंडी : धर्मवीर -उपमंडल जोगिंदर नगर के ग्राम पंचायत चौंतडा़ के तहत चौंतडा़ हार मक्कड़ नाले को बंद करने के बाद ग्रामीण विरोध में उतर आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह नाला सदियों पुराना है जिसे अब ठेकेदारों द्वारा मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नाले को जल्द खोला नहीं जाता है तो वह आंदोलन का रुख अख्तियार करेंगे।
साल बीत जाने के बाद भी नहीं हुआ मक्कड़ नाले का चैनेलाइजेशन
क्षेत्र वासियों ने बताया कि इस रास्ते से 2 दर्जन से अधिक पंचायतों के लोग यहां से गुजरते हैं और उनका यह रास्ता कई दशकों पुराना है। लेकिन पिछले 1 महीने से ठेकेदारों द्वारा मिट्टी डालकर नाले को बंद कर दिया गया। जिससे आने और जाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नाले की चैनेलाइजेशन करने के लिए 2019 में कार्य शुरू हुआ था। 4 वर्ष होने के बाद भी अब तक इसका कार्य पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि 4 सालों के भीतर यहां पर ठेकेदारों द्वारा अवैध रूप से पेड़ों का कटान किया गया है। इतना ही नहीं ठेकेदारों ने इस नाले के सभी पत्थर भी निकाल दिए जिसकी जगह अब मिट्टी डाली जा रही है।वहीं जिस स्थान पर निकासी नाली बनाई जानी थी, उस स्थान को पत्थरों से भरकर बंद कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस बारे में उन्होंने कई बार संबंधित विभागों को भी शिकायत की लेकिन इस बारे में कोई एक्शन नहीं लिया गया। नाला बंद होने से वे अपने वाहनों को भी घरों से नहीं निकाल पा रहे हैं। जिस कारण उनके वाहन भी पिछले कई दिनों से घरों में ही खड़े हैं। वहीं नाले के बंद होने से बारिश के पानी की भी निकासी नहीं हो रही है। नाला बंद होने से साथ में बना रास्ता पूरी तरह से उखड़ चुका है। बारिश में यहां पर जलभराव होने से पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन व सीएम से सुखविंदर सिंह सुक्खू इस समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है।
पंचायत की ओर से तैयार किया जाएगा प्रस्ताव
चौंतड़ा पंचायत प्रधान बंदना देवी का कहना है कि जल्द ही इस बारे पंचायत की ओर से प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इस बारे मजं स्थानीय विधायक और एसडीएम से मुलाकात कर समस्या को सुलझाने की अपील की जाएगी।
