संजू चौधरी, शिमला: विश्व हिन्दू परिषद हिमाचल में आगामी 15 दिनों में डेढ़ लाख हिंदुओं को हित चिंतक अभियान के माध्यम से जोड़ने के लिए संपर्क करेगा। विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय महामंत्री एवं अखिल भारतीय प्रचार प्रसार प्रमुख विजय शंकर तिवारी ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर यह जानकारी दी। इस देश व्यापी हितचिंतक अभियान को सर्वस्पर्शी बनाने के लिए हिमाचल प्रांत में 20 नवंबर से 5 दिसंबर तक समाज के हर जाति, मत, पंथ, संप्रदाय से संपर्क कर उन्हें हिन्दू समाज व राष्ट्र हित के कार्यों से जोड़ेंगे।
विजय शंकर तिवारी ने बताया कि विश्व हिन्दू परिषद को कार्य करते हुए 58 वर्ष हो गए, जिसमें कई आंदोलन, अभियान चलाये गए। 1984 में श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर निर्माण आंदोलन आरंभ किया। आज अयोध्याजी में भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। आज से 10 वर्ष पूर्व तक लव जिहाद मानने के लिए लोग तैयार नहीं थे, परंतु विगत कुछ दिनों में देश में हिन्दू लड़कियों के नृशंस हत्याओं ने इस भ्रांति से पर्दा हटा दिया है। आज सरकारों ने धर्मांतरण पर कानून बना दिए।
विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय महामंत्री ने दिल्ली में हुए श्रद्धा हत्या कांड पर कहा कि हत्या के पीछे धर्मांतरण भी एक कारण रहा होगा। इस तरह की घटना दिल को दहला देने वाली है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से मिल रही जानकारी के मुताबिक आफताब श्रद्धा को कॉल गर्ल के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए दबाव बना रहा था। इन सब पहलुओं की जांच की जानी चाहिए।
