मंडी, धर्मवीर-:अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर नगर निगम मंडी द्वारा इस वर्ष पहली बार वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। मंडी आर्ट फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत आयोजित इस गतिविधि का शुभारम्भ डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत डीसी ऑफिस रोड़ के किनारे तथा इंदिरा मार्केट क्षेत्र में कलाकारों द्वारा वॉल पेंटिंग बनाई जा रही हैं।
मंडी के इतिहास, परंपरा और लोक संस्कृति को उकेरा जा रहा चित्रों के माध्यम से
आनी के कलाकार लीतेश ‘सोंग द विंड कैरीज’ विषय पर चित्र बना रहे हैं, वहीं गौरव शर्मा अपनी साथी के साथ देव परंपरा पर आधारित भित्ति चित्र तैयार कर रहे हैं। अन्य कलाकार भी मंडी की परंपरा, इतिहास, आस्था और लोक संस्कृति को विभिन्न रंगों में उकेर रहे हैं। प्रदेश भर से चयनित 10 टीमों को शहर के अलग-अलग स्थानों पर पेंटिंग का दायित्व दिया गया है। निर्णायक मंडल कलात्मक अभिव्यक्ति, विषय प्रस्तुति, रंग संयोजन, रचनात्मकता और स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों के प्रभावी प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन करेगा तथा उत्कृष्ट टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि महोत्सव अब आस्था और परंपरा के साथ-साथ कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति का भी मंच बन रहा है तथा इस पहल से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थानों पर तैयार हो रहे भित्ति चित्र मंडी की स्थायी सांस्कृतिक पहचान बनेंगे और आने वाले समय में पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होंगे। उन्होंने कलाकारों से स्थानीय इतिहास, देव संस्कृति और जनजीवन को चित्रों में उकेरने का आग्रह किया ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी विरासत से जुड़ी रहें। इस अवसर पर नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट, एडीसी गुरसिमर सिंह, नगर निगम के कमीशनर रोहित राठौर, एडीएम डॉ मदन कुमार और एसडीएम रूपिंद्र कौर सहित नगर निगम के पार्षद उपस्थित रहे।
