हमीरपुर | भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सुक्खू सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार के पास गिनाने लायक कोई उपलब्धि नहीं बची है। न कोई विजन है, न दिशा। आए दिन सरकार की फजीहत हो रही है और विपक्ष के सवालों का जवाब देने में यह सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
राणा ने कहा कि हाल ही में हुए घोटालों ने प्रदेश को शर्मसार किया है, लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू अपनी छवि सुधारने और विरोधियों को बदनाम करने के लिए भाड़े के टट्टुओं का सहारा ले रहे हैं, जिन पर सरकारी खजाना पानी की तरह बहाया जा रहा है। उन्होंने कहा — “मुख्यमंत्री जी, भाड़े के टट्टुओं से जंग नहीं जीती जाती। आज प्रदेश में न सरकार दिख रही है, न संगठन; सिर्फ सरकार के कुछ मित्र ही जनता के बीच नजर आ रहे हैं।”
राणा ने खुलासा किया कि भाड़े के टट्टुओं द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष श्री जयराम ठाकुर, धर्मशाला के लोकप्रिय विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, स्वयं राजेंद्र राणा सहित कई भाजपा नेताओं की छवि को धूमिल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से सोशल मीडिया पर कुकरमुत्तों की तरह फर्जी पेज उग आए हैं। उन्होंने कहा कि “इन पेजों के पीछे वही लोग हैं, जिन्हें सरकार ने छवि निर्माण के नाम पर भाड़े पर रखा है। लेकिन यह भूल गए हैं कि झूठ पर खड़ी सरकार जनता के मन में कभी जगह नहीं बना सकती।”
राणा ने कहा कि यह सरकार जनता के विश्वास से पूरी तरह उतर चुकी है। कोई गारंटी पूरी नहीं हुई, कर्मचारी, बेरोजगार, पेंशनर, महिलाएं — समाज का हर वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
मुख्यमंत्री के दौरों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री बिना हेलीकॉप्टर दो कदम नहीं चल पाते। कभी बिना कार्यक्रम दिल्ली चले जाते हैं, तो कभी विदेश। दिल्ली में भी हिमाचल भवन और हिमाचल सदन में ठहरने के बजाय वह फाइव स्टार होटलों में ठहरते हैं। वहां किनसे मिलते हैं, क्या डील फाइनल होती है, इसका जवाब मुख्यमंत्री हर बार देने से कतराते हैं।”
