सोलन: योगेश शर्मा : सोलन शहर में जल्द पाइपों से पानी की लीकेज को रोकने के लिए नई लाइन बिछाई जाएगी । नगर निगम सोलन ने इस प्रस्ताव को मासिक बैठक मे रखा है । इसके लिए नई पाइप बिछाने को लेकर डीपीआर तैयार की जाएगी । इसके बाद डीपीआर को सरकार की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। नगर निगम ने पाइपों से बहते हुए पानी के बचाव को लेकर यह निर्णय लिया है।
तीसरे से चौथे दिन मिल रहा लोगों को पानी
बता दें कि इन दिनों सोलन शहर में पेयजल किल्लत बढ़ती जा रही है। अभी भी शहर वासियों को तीसरे से चौथे दिन पानी मिल पा रहा है । ऐसे में पेयजल संकट गहराता देख निगम ने अब इन पाइपों को ठीक करने का जिम्मा उठाया है। नगर निगम के पेयजल टैंकों और पाइपों से रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ में बहने का मुद्दा पहले भी उठता रहा है इसके बाद नगर निगम ने अब इस मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए पाइपों को बदलने के विचार किया है।
नगर निगम सोलन की मेयर पूनम ग्रोवर ने कहा कि सोलन शहर में बहुत पुरानी पाइप लाइने है ऐसे में कई बार पाइप फटने या फिर पानी घरों तक न आने के मामले सामने आते हैं। उन्होंने बताया कि जहां जहां पर इस तरह की शिकायत सामने आती है इसे ठीक किया जाता है। उन्होंने कहा कि डीपीआर तैयार करके शहर में नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा ताकि पानी व्यर्थ न बहे।
