मंडी,धर्मवीर(TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार द्वारा आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को लेने से इनकार करने के मामले में कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री दागदार अधिकारियों को अपने सलाहकार मंडल की फौज में शामिल करते हैं तो दूसरी तरफ प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने वाले अफसरों को लेने से इनकार करते हैं।अपने चहेते मित्रों और नजदीकी लोगों पर करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाने वाले मुख्यमंत्री को प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों से ऐतराज़ क्यों है? जब आज सरकार नए अधिकारी नहीं लेगी तो कल प्रदेश को आवश्यकता के अनुसार अधिकारी कैसे मिलेंगे? उन अधिकारियों का काम कौन करेगा? क्या मुख्यमंत्री अधिकारियों के काम अपने मित्रों से ही करवाना चाहते हैं? वह जान ले कि अधिकारियों के काम अधिकारी करते हैं मुख्यमंत्री के खासम खास मित्र नहीं। इसलिए मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वह व्यवस्था पतन के इस दौर को बंद करें।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार हर प्रकार के नियम कानून का उल्लंघन करने में विश्वास रखती है। केंद्र द्वारा नियमानुसार दिए जाने वाले अधिकारियों को राज्य सरकार द्वारा लेने से कैसे इंकार किया जा सकता है? अगर सरकार अधिकारियों को नहीं लेगी तो जो काम अधिकारियों के हैं उन्हें कौन करेगा? क्या मुख्यमंत्री आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से लिए जाने वाले कामों को अपने मित्रों से करवाना चाहते हैं? सुक्खू सरकार व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर प्रदेश में चल रही समस्त व्यवस्थाओं का पतन करना चाहती है।
