नाहन (देवेंद्र कुमार): ऐतिहासिक शहर नाहन के शाही महल (रंजोर पैलेस) में नेपाली मूल के लोगों द्वारा हरतालिका तीज धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री वाह शाही परिवार के सदस्य कुंजना सिंह विशेष तौर पर मौजूद रही। शाही परिवार से संबंध रखने वाली और कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री कुंजना सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नेपाली महिलाओं ने हरतालिका तीज उनके महल परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया।
उन्होंने बताया कि नाहन में रह रहे नेपाली मूल के लोगों ने अपनी एक संस्था बनाई है जिनके प्रधान और सचिव की बदौलत यह त्यौहार मिलकर मनाया जा रहा है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि यह लोग अपने देश से दूर रहकर भी अपनी संस्कृति को नहीं भूले हैं और पूरे रीति-रिवाज के साथ अपना त्यौहार मना रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी।
नेपाली महिलाएं करवा चौथ की तरह मनाती है हरतालिका तीज
नाहन में रह रहे नेपाल से संबंध रखने वाले दीपक जोशी ने बताया कि यह त्यौहार नेपाली महिलाएं करवा चौथ की तरह मनाती हैं। महिलाएं पति की लंबी उम्र और परिवार में सुख शांति समृद्धि के लिए यह व्रत रखते हैं। इस दिन महिलाएं महिलाएं शिव की पूजा अर्चना करने के पश्चात पति के चरण धोकर व्रत खोलती हैं। पंचमी तक चलने वाली इस पूजा के दौरान चढ़ाई गई सामग्री को पंचमी के दिन नदी में प्रवाहित करने के बाद स्नान किया जाता है।

