सोलन (योगेश शर्मा): आम आदमी पार्टी ने एक-एक कर हिमाचल की जनता को चार गारंटियां दी है। अब आम आदमी पार्टी इन गारंटियों के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी। अब इन गारंटियों को प्रचार प्रसार हर विधान सभा क्षेत्र में किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी द्वारा सोलन में चौथी गारंटी मिलने पर ख़ुशी जताई और कहा कि आम आम आदमी पार्टी हिमाचल की आम जनता की सभी आवश्यकताओं का ध्यान रख रही है और सभी वर्गों को राहत प्रदान करने की गारंटी दे रही है। प्रदेश प्रवक्ता आम आदमी पार्टी राजीव शर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी जो वायदे कर रही है वह उसे निभाने के लिए पूर्ण रूप से वचन बद्ध है। पंजाब और दिल्ली की तर्ज पर वह हिमाचल में भी अपने वायदे पूर्ण करेगी।
प्रदेश प्रवक्ता आम आदमी पार्टी राजीव शर्मा ने कहा कि चौथी गारंटी में उनकी पार्टी ने महिलाओं के हितों को ध्यान में रखा है। जिसके तहत जो महिलाएं 18 वर्ष से अधिक उम्र की होगी उसे 1000 रूपये प्रति माह दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं को सम्मान के रूप में दी जाएंगी। ताकि उनका सम्मान बढ़े और वह छोटे कार्यों के लिए आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं ने इस गारंटी का स्वागत किया है और उन्हें पूर्ण उम्मीद है कि प्रदेश की महिलाऐं चुनावों में आप का साथ देंगी।
