सचिन शर्मा,मनाली(TSN): बुधवार को पूरे विश्व में विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन स्थलों में भी कार्यक्रम पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित किए गए। इसी कड़ी में विश्व के मानचित्र पर प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मनाली में भी इस दिन को बड़ी धूम धाम से मनाया गया। मनाली के मॉल रोड़ पर पर्यटन विभाग की ओर स्व पर्यटकों के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गई, जिसका मनाली घूमने पहुंचे देश विदेश के सैलानियों ने भी लुत्फ़ उठाया।
बता दें कि इस वर्ष जुलाई के महीने में आई भारी बारिश और बाढ़ के कारण मनाली सहित ज़िला कुल्लू में जहां जान माल को काफ़ी नुक़सान हुआ वहीं इसका असर यहां के पर्यटन कारोबार पर भी पड़ा। सैलानियों से गुलज़ार रहने वाले सभी प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुनसान हो गए। अब जब कुल्लू मनाली में हालात सामान्य हो गए हैं और यहां का जनजीवन भी पटरी पर लौटने लगा है तो ऐसे में प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग की ओर से पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने के लिए महत्त्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
यही वजह भी रही की बुधवार को वर्ल्ड टूरिज़्म डे पर पर्यटन विभाग की ओर से पर्यटकों को कुल्लू मनाली की और आकर्षित करने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बुधवार दोपहर के समय जहां मनाली के मॉल रोड़ में कई गतिविधियां आयोजित की गई, वहीं कुल्लू मनाली घूमने आए पर्यटकों को कुल्लवी ड्रेस भी पहनाई गई और उन्हें हिमाचली और कुल्लवी संस्कृति से रूबरू करवाया गया।
इस दौरान मनाली घूमने पहुंचे सैलानियों ने अपने विचार सांझा करते हुए कहा कि आज का दिन उनके लिए हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा कि मनाली पहुंच कर उन्हें काफ़ी अच्छा लग रहा हैं। उन्होंने कहा कि अब यहां पर हालात काफ़ी सामान्य हो गए है और वह आसानी से इधर उधर घूम भी सकते हैं।
वहीं ज़िला पर्यटन अधिकारी कुल्लू सुनैयना शर्मा ने कहा कि मनाली में बीते जुलाई के महीने में आई बाढ़ के कारण काफी ज्यादा नुकसान हुआ है जिससे पर्यटन कारोबार को भी काफी नुकसान पहुंचा हैं। ऐसे में अब जब हालात सामान्य हो गए हैं तो ऐसे में पर्यटकों को कुल्लू मनाली की ओर आकर्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं । उन्होने कहा कि आज वर्ल्ड टूरिज्म डे पर पर्यटन विभाग की ओर से पर्यटकों के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की गई हैं।
