शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर बोले, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता
शिमला/ संजू -:शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान बागी पंचायत में लगभग 19 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु औषधालय का लोकार्पण किया। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें उपचार के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि पशु औषधालय का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आवश्यक सेवाएं लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है और पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
बागी और रत्नाड़ी पंचायतों में सड़क संपर्क होगा मजबूत
रोहित ठाकुर ने कहा कि बागी और रत्नाड़ी पंचायतों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए 193 सड़कों को स्वीकृति दी गई है। बर्फबारी प्रभावित होने के साथ-साथ यह क्षेत्र बागवानी की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। बेहतर सड़क नेटवर्क से किसानों और बागवानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाते हुए एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त, पिछले कई वर्षों से लंबित लगभग 30 भवनों के निर्माण कार्यों को पूरा करवाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दे रही है। शिक्षकों और गैर-शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रदेश के 150 से अधिक विद्यालयों को सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप परिवर्तित किया गया है, जबकि विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण और परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में प्रदेश की स्थिति में सुधार हुआ है। सरकार का उद्देश्य शिक्षा, सड़क और ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विकास के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
लोगों की समस्याएं सुनीं
दौरे के दौरान रोहित ठाकुर ने स्थानीय लोगों की समस्याएं और जन शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर बल दिया और कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध निवारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
