हमीरपुर, अरविंद- :राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में युवा संगम फेज-7 का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ओडिशा के विभिन्न जिलों से आए 50 यूजी और पीजी छात्रों ने भाग लिया। इनमें 25 छात्र और 25 छात्राएं शामिल हैं। आईआईएम संबलपुर के पांच कोऑर्डिनेटर भी इस दल के साथ पहुंचे और उन्होंने अपने अनुभव साझा किए।युवा संगम के तहत ओडिशा से आए छात्र सात दिनों तक हिमाचल प्रदेश की संस्कृति, इतिहास, तकनीकी विकास और उपलब्धियों को करीब से जानेंगे।
इस दौरान दल शिमला, आईआईटी मंडी,अटल टनल और लारजी हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करेगा। छात्रों को हिमाचल की शिक्षा, तकनीक, पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय जीवनशैली से परिचित करवाया जाएगा।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने एक-दूसरे के साथ अपने शैक्षिक और सांस्कृतिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ वातावरण और यहां के लोगों का व्यवहार उन्हें काफी प्रभावित कर रहा है।ओडिशा से आए छात्रों ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश की संस्कृति और तकनीकी उपलब्धियों को समझना है। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान वे दोनों राज्यों की सांस्कृतिक विशेषताओं को जानने और अपने अनुभव साझा करने का प्रयास करेंगे।युवा संगम के माध्यम से विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक संवाद, राष्ट्रीय एकता और अनुभव आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

