सचिन शर्मा,मनाली: जांस्कर मार्ग जल्द से जल्द बहाल करने की मांग को लेकर जिगमेद तंजिंग अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जांस्कर की अध्यक्षता में शनिवार को लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर से एक प्रतिनिधिमंडल मनाली में उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान एक ज्ञापन विधायक रवि ठाकुर को सौंपा। ज्ञापन में प्राथमिकता के आधार पर जांस्कर मार्ग जल्द से जल्द बहाल करने का आग्रह किया गया था।
ज्ञापन में कहा गया था कि बीआरओ ने पहले उन्हें यह सूचना दी थी कि 15 मार्च तक उक्त मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा, लेकिन मार्ग आज तक बहाल नहीं हो पाया हैं । ऐसे में घाटी के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। विधायक रवि ठाकुर ने तुरंत योजक परियोजना के चीफ इंजीनियर से इस संबंध में बात की और उक्त मार्ग को जल्द बहाल करने का आग्रह किया। जिस पर चीफ इंजीनियर ने विधायक रवि ठाकुर को यह बताया कि उनकी टीम 22 मार्च तक जांस्कर मार्ग को यातायात के लिए बाहर कर देगी।
जांस्कर के लोगों की समस्या का मौके पर निपटारा होते ही स्थानीय लोगों ने विधायक रवि ठाकुर का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया।
