सोलन : योगेश शर्मा ( TNS)- पंचायती राज विभाग और ग्रामीण विकास विभाग में विलय की मांग को लेकर पिछले 17 दिनों से जिला परिषद कैडर कर्मचारी महासंघ के कर्मचारी हड़ताल पर है । प्रदेश भर के 88 ब्लॉकों में 4700 कर्मचारी लगातार अपनी मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। आज पूरे प्रदेश में मौसम खराब है, लेकिन बारिश में भी जिला परिषद कैडर कर्मचारी महासंघ के लोग हड़ताल कर रहे हैं।
सोलन बीडियो ब्लॉक में भी कर्मचारियों ने बारिश में अपनी हड़ताल को जारी रखा है औरअनिश्चितकालीन हड़ताल आज 17वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। जिला परिषद कैडर कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि वे लगातार अपनी विभाग में विलय की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं, शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग को मनवाने का वे कार्य कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी मांग की तरफ ध्यान नहीं दे रही है, लेकिन जब तक सरकार उनकी मांग नहीं मान लेती है उसे पूरा नहीं कर देती है तब तक उनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहने वाली है। उन्होंने कहा कि विभाग में मर्ज की मांग उनकी एक साल पुरानी है जब कांग्रेस विपक्ष में थी,तो उन्होंने उनकी हड़ताल में आकर उनसे वादा किया था कि सरकार बनते ही पहले दिन उन्हें विभाग में विलय किया जाएगा लेकिन सरकार के 10 महीने बीत जाने के बाद भी सरकार उनकी मांग पर ध्यान नहीं दे रही है। राजेश ठाकुर ने कहा कि सरकार उनसे काम पर आने की बात तो कह रही है लेकिन मांग पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, राजेश ठाकुर ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक हड़ताल रहने वाली है।
