ऊना/ राकेश -:ऊना पुलिस ने नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पिछले पांच दिनों में पुलिस ने छह NDPS मामले दर्ज करते हुए कुल 87.77 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के पिछले और आगे के लिंक खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि नशे की सप्लाई चेन तक पहुंचा जा सके।नशे के खिलाफ ऊना पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है और पुलिस को एक के बाद एक सफलता मिल रही है। इसी कड़ी में ऊना सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से 37.92 ग्राम हेरोइन बरामद की। दोनों आरोपी पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले हैं।
जिला पुलिस कप्तान सचिन हीरेमठ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पिछले पांच दिनों में ऊना पुलिस ने छह NDPS मामलों में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 87.77 ग्राम हेरोइन बरामद की है।पुलिस के अनुसार, चार सितंबर को स्पेशल इनवेस्टिगेशन यूनिट ऊना ने एक आरोपी से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की। छह सितंबर को गगरेट पुलिस ने दो आरोपियों से 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद की, जबकि इसी दिन ऊना सदर पुलिस ने होशियारपुर पंजाब के दो आरोपियों से 11.57 ग्राम हेरोइन पकड़ी।सात सितंबर को हरोली पुलिस ने एक आरोपी से 9.10 ग्राम हेरोइन बरामद की। वहीं, आठ सितंबर को अंब पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17.68 ग्राम हेरोइन बरामद की। इनमें एक महिला आरोपी भी शामिल है।अब बुधवार को ऊना सदर पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी के दौरान होशियारपुर निवासी दो आरोपियों से 37.92 ग्राम हेरोइन बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।
एसपी सचिन हीरेमठ ने कहा कि सभी मामलों में आरोपियों के आगे-पीछे के लिंक की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।ऊना पुलिस ने साफ किया है कि नशा माफिया के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे की खरीद-फरोख्त या सप्लाई से जुड़ी कोई भी जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।पुलिस का कहना है कि नशा मुक्त ऊना बनाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
