कांगड़ा, गुलशन धनोहा -: राजकीय महाविद्यालय ढलियारा के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-245) में भाग लेने के लिए ऊना जिले के जेएनवी पेखुबेला के लिए रवाना हुए। यह प्रशिक्षण शिविर 1 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनसीसी कैडेट्स भाग लेकर सैन्य एवं नेतृत्व संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
कैडेट्स की रवानगी के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुशील भारद्वाज ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी शिविर युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से शिविर में पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भाग लेने का आह्वान किया।एनसीसी दल एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ) लेफ्टिनेंट डॉ. कपिल सूद के नेतृत्व में शिविर के लिए रवाना हुआ। डॉ. सूद पूरे प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेट्स के साथ रहेंगे। उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर में मिलने वाले प्रत्येक अवसर का भरपूर लाभ उठाएं, अनुशासन का पालन करें और नई तकनीकों व प्रशिक्षण गतिविधियों को गंभीरता से सीखें, ताकि उनका व्यक्तित्व और अधिक निखर सके।शिविर के दौरान कैडेट्स को सैन्य ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, हथियार संचालन, नेतृत्व विकास, समूह गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा प्रेरक व्याख्यानों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि यह शिविर कैडेट्स में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।
