हमीरपुर, अरविंद-:हमीरपुर शहर में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या और कुत्तों के काटने की घटनाओं को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने विशेष रेबीज टीकाकरण अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमने वाले आवारा कुत्तों को एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरबी) लगाई जाएगी, ताकि रेबीज संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
हाल ही में शहर के एक क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते द्वारा दो बच्चों पर हमला करने की घटना सामने आई थी। दोनों बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। बाद में संबंधित कुत्ते की मौत हो गई और जांच में उसके रेबीज से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इस घटना के बाद नगर निगम और पशुपालन विभाग ने संयुक्त रूप से प्रभावित क्षेत्र में विशेष टीकाकरण अभियान चलाने का निर्णय लिया।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में उसी इलाके के सभी आवारा कुत्तों का टीकाकरण किया जा रहा है, जहां यह घटना हुई थी। इसके बाद शहर के उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां आवारा कुत्तों की संख्या अधिक है और लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं।शहर के कई मोहल्लों में आवारा कुत्तों के झुंड लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सुबह और शाम के समय बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग की थी।
नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग के सहयोग से चरणबद्ध तरीके से सभी संवेदनशील क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का टीकाकरण कराया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी क्षेत्र में आक्रामक या बीमार कुत्ता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत नगर निगम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। नगर निगम का उद्देश्य रेबीज संक्रमण की रोकथाम के साथ-साथ शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
