राहुल चावला, धर्मशाला:-धर्मशाला विकासखंड पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए गुरुवार को हुए चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। नरवाना खास वार्ड से आलोक कुमार अध्यक्ष और मन्दल वार्ड से सरोज कुमारी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।एसडीएम मोहित रत्न ने बताया कि पंचायत समिति के सभी 18 निर्वाचित सदस्य चुनाव प्रक्रिया में शामिल हुए। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पहले सदस्यों की उपस्थिति दर्ज की गई, इसके बाद नामांकन, नाम वापसी और अंत में मतदान कराया गया। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर दो-दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में कुल 18 वैध मत पड़े, जिनमें आलोक कुमार को 12 और सुरिंदर सिंह उर्फ सोनू को 6 मत प्राप्त हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में एक मत रद्द होने के बाद 17 मतों की गणना हुई, जिसमें सरोज कुमारी को 10 और जय ललिता को 7 मत मिले।नवनिर्वाचित अध्यक्ष आलोक कुमार ने अपनी जीत का श्रेय विधायक सुधीर शर्मा, सभी बीडीसी सदस्यों और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति के सभी सदस्य विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, विशेषकर पेयजल व्यवस्था, के समाधान के लिए मिलकर कार्य करेंगे।उपाध्यक्ष सरोज कुमारी ने कहा कि सभी सदस्यों ने एकजुटता का परिचय दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उन्हें मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा समर्थित सदस्यों की एकजुटता के कारण पंचायत समिति में पार्टी को सफलता मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम धर्मशाला विकासखंड के विकास कार्यों को गति देगी।जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा इस मामले को उच्च न्यायालय में ले जाएगी और पंचायती राज संस्थाओं के लंबित चुनाव जल्द कराने की मांग करेगी। उन्होंने चुनाव में हुई देरी के लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी बात कही।
