बिलासपुर,सुभाष -:विकास खंड श्री नैना देवी जी की पंचायत समिति में भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक बढ़त को और मजबूत किया है। गुरुवार को स्वारघाट स्थित बीडीओ कार्यालय में संपन्न चुनाव में टाली वार्ड से निर्वाचित रूप लाल ठाकुर पंचायत समिति के अध्यक्ष तथा मंडयाली वार्ड की कमला देवी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।
15 सदस्यीय पंचायत समिति में भाजपा समर्थित 9 और कांग्रेस समर्थित 6 सदस्य चुने गए थे। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव पहले सभी सदस्यों की उपस्थिति नहीं होने के कारण स्थगित कर दिया गया था, जिसके बाद गुरुवार को दोबारा मतदान कराया गया।मतदान में सभी 15 सदस्य मौजूद रहे। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में रूप लाल ठाकुर को 9 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को 6 मत मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद पर कमला देवी ने 9 मत हासिल कर जीत दर्ज की। विपक्षी उम्मीदवार को 5 मत मिले, जबकि एक मत अमान्य घोषित किया गया।चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वारघाट स्थित पार्टी कार्यालय में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।इस दौरान स्थानीय विधायक रणधीर शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत संगठन की एकजुटता और जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों जनप्रतिनिधि पंचायत समिति के माध्यम से क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनहित में कार्य करेंगे।
