राहुल चावला, धर्मशाला-:शाहपुर में पूर्व मंत्री एवं स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया के सम्मान में राजकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखने और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में शाहपुर के स्थानीय निवासी श्रेय अवस्थी ने प्रदेश सरकार के समक्ष मांग उठाते हुए मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा है। उन्होंने आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से भी सरकार तक अपना प्रस्ताव पहुंचाया है।
श्रेय अवस्थी का कहना है कि स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने शाहपुर क्षेत्र के विकास और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके योगदान को स्थायी पहचान देने के लिए शाहपुर कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए। इसके साथ ही क्षेत्र में किसी उपयुक्त स्थान पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें।
एसडीएम कार्यालय और कॉलेज परिसर को बताया उपयुक्त स्थान
श्रेय अवस्थी ने प्रतिमा स्थापित करने के लिए शाहपुर स्थित एसडीएम कार्यालय और राजकीय महाविद्यालय परिसर को उपयुक्त स्थान बताया है। उन्होंने कहा कि एसडीएम कार्यालय की स्थापना में मेजर विजय सिंह मनकोटिया का अहम योगदान रहा था। इसके अलावा शाहपुर कॉलेज की स्थापना में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध करवाने और स्थानीय परिवारों को इस पहल से जोड़ने में उन्होंने विशेष प्रयास किए थे। इसका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना था।
प्रशासनिक स्तर पर भेजे गए ई-मेल
अवस्थी के अनुसार, इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से आवश्यक कार्रवाई के लिए उपायुक्त को निर्देश दिए जाने की जानकारी मिली है। इसके बाद उपायुक्त कार्यालय के एसी टू डीसी और सचिव शिक्षा को भी ई-मेल भेजकर मांगों से अवगत करवाया गया है। हालांकि, अभी तक प्रदेश सरकार की ओर से इस संबंध में कोई अंतिम निर्णय या आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।श्रेय अवस्थी ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया के योगदान और शाहपुर के विकास में उनकी भूमिका को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज का नामकरण और प्रतिमा स्थापना उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ क्षेत्र के ऐतिहासिक योगदान को संजोने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
