अरविंदर सिंह,हमीरपुर: पिछले 8 सालों में केंद्र सरकार ने देश में 9177 जन औषधि केंद्र खोले हैं और अगले 1 साल के अंदर 10,000 केंद्र खोलने का टारगेट हैं जिसे पूरा कर लिया जाएगा। यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने डॉक्टर राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में आयोजित जन औषधि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। अनुराग ने कहा कि देश के 36 राज्यों में इन केंद्रों को खोला गया हैं,जहां लाखों लोगों को सस्ती और अच्छी दवाइयां मिल रही हैं।
उन्होंने डॉक्टरों से भी आवाह्न किया कि वे अच्छी और सस्ती दवाइयां मरीजों को लिखकर दें ताकि उन्हें इसका फायदा मिल सके। अगर डॉक्टर इन दवाइयों को लिखकर नहीं देंगे तो लोगों को भी इसकी सही ढंग से सुविधा नहीं मिल पाएगी। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचओ की ओर से सर्टिफाई किए गए फार्मा उद्योगों से ही इन दवाइयों को खरीदा जाता हैं। उन्होंने कहा कि जो दवाइयां हजारों रुपए की होती थी आज वह चंद रुपयों की हो गई हैं ताकि इन्हें हर आम आदमी तक आसानी से पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जन औषधि केंद्र खोलने के लिए 5 लाख तक की आर्थिक सहायता दे रही हैं। इसके लिए संबंधित पात्र व्यक्ति के पास जरूरी जगह और फार्मासिस्ट का डिप्लोमा होना चाहिए। इसके साथ युवाओं को जहां रोजगार मिलेगा वहीं उन्हें जन सेवा करने का मौका भी मिलेगा। सरकार दवाइयों की गुणवत्ता पर खास तौर पर नज़र रख रही हैं अभी इसमें कहीं पर भी कोई कमी ना रह जाए।
