बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने भाजपा के हस्ताक्षर अभियान पर सवाल उठाए हैं। बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में रामलाल ठाकुर ने कहा है कि विधानसभा चुनाव से एक माह पहले एक के बाद एक धड़ाधड़ सरकारी संस्थान खोल दिए गए। जिनकी न तो प्रशासनिक और न ही वित्तीय मंजूरी ली गई।
रामलाल ठाकुर ने कहा कि शिक्षा नीति को ताक में रखकर पूर्व भाजपा सरकार ने शैक्षणिक संस्थान खोल दिए। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले शैक्षणिक संस्थान खोल दिए गए। जहां पर बच्चे भी नहीं है। वंहा भी संस्थान शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा नेता बौखला उठे हैं। उन्होंने कहा कि पीएचसी को स्तरोन्नत कर सीएचसी बना दिया गया लेकिन नियमानुसार सहूलियतें उपलब्ध न होने के चलते आज उनका जनता को लाभ नहीं मिल पा रहा। इसका एक उदाहरण स्वारघाट का सीएचसी है। रामलाल ठाकुर के अनुसार कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए हुए अभी तीन महीने भी पूरे नहीं हुए हैं और भाजपाई होहल्ला मचा रहे हैं।
