कुल्लू : मनमिंदर अरोड़ा – जाको राखो साइंया मार सके न कोई, ये कहावत चरितार्थ हुई है ।10170 फीट की ऊंचाई पर अटल टनल रोहतांग में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है । बच्चे का जन्म 108 एम्बुलेंस में हुआ है ।
जनजातीय क्षेत्रों के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा वरदान साबित हो रही है । दरअसल जिला लाहौल स्पीति के तांदी केलांग की बलबीर कुमार की पत्नी 24 वर्षीय सुमन को प्रसव दर्द हुआ । सुमन को केलांग अस्पताल से कुल्लू अस्पताल रेफर किया गया था । कुल्लू अस्पताल आते समय अटल टनल रोहतांग में गर्भवती महिला की तबियत खराब हो गई । ऐसे में 108 एम्बुलेंस के कर्मियों रूप सिंह और मनोज ने महिला का सफल प्रसव करवाया । बच्चे का जन्म अटल टनल में वीरवार सुबह 7 बजे हुआ ।वहीं जच्चा और बच्चा दोनो स्वस्थ बताए जा रहे है । 108 एम्बुलेंस के इन कर्मियों ने इंसानियत की अनूठी मिसाल पेश की है ।
