मनमिंदर,कुल्लू -:लगघाटी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोरुडुग (समालंग) में 14 दिवसीय बेसिक स्कीइंग कोर्स का शुभारंभ हो गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टिट्यूट ऑफ माउंटेंनियरिंग एंड एलाइड स्पोर्ट्स, मनाली तथा कुल्लू वैली एडवेंचर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कोर्स का विधिवत शुभारंभ संगठन के अध्यक्ष कैप्टन ताराचंद ठाकुर ने किया।
यह प्रशिक्षण 18 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें लगघाटी क्षेत्र के 20 युवा-युवतियां भाग ले रहे हैं। प्रतिभागियों की आयु 14 से 35 वर्ष के बीच है और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं कक्षा निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को स्कीइंग की बुनियादी तकनीक, संतुलन, सुरक्षा उपायों और बर्फीले ढलानों पर सुरक्षित मूवमेंट की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।कैप्टन ताराचंद ठाकुर ने बताया कि गोरुडुग में तीसरी बार इस तरह का बेसिक स्कीइंग कोर्स आयोजित किया जा रहा है। पिछले वर्ष 50 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया गया था, जिनमें से 10 से 15 युवाओं ने स्कीइंग से संबंधित स्वरोजगार शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर उन्हें साहसिक खेलों के माध्यम से रोजगार की दिशा में प्रेरित करना है।उन्होंने यह भी बताया कि संस्थान के प्रशिक्षक पवन ठाकुर इस प्रशिक्षण में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त, सरकारी स्कूलों के लगभग 80 छात्र-छात्राओं को भी स्कीइंग के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष परिचय सत्र आयोजित किया गया, ताकि भविष्य में अधिक से अधिक युवा इस क्षेत्र से जुड़ सकें।
गौरतलब है कि सोलंगनाला की तर्ज पर अब लगघाटी के गोरुडुग को भी स्कीइंग स्लोप के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। प्राकृतिक रूप से अनुकूल ढलान और पर्याप्त बर्फबारी के कारण यह स्थान स्कीइंग के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इसे एक उभरते विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने की योजना है।
कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने इस पहल को घाटी के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि गोरुडुग में सर्टिफाइड स्कीइंग कोर्स का आयोजन होना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और वन विभाग के सहयोग से इस आयोजन को सफल बनाया जा रहा है। वन समिति के माध्यम से भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया है।विधायक ने कहा कि युवाओं में इस प्रशिक्षण को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र साहसिक खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकता है। उन्होंने जानकारी दी कि समापन समारोह में उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।आयोजकों का मानना है कि यदि इसी प्रकार सामूहिक प्रयास जारी रहे तो लगघाटी का गोरुडुग क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख स्कीइंग स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है। यह पहल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
Chandrika
