बिलासपुर, सुभाष-:बिलासपुर शहर में 93 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही आधुनिक सीवरेज परियोजना का कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। यह बहुप्रतीक्षित योजना शहर की वर्षों पुरानी सीवरेज समस्याओं के समाधान की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, परियोजना के अंतर्गत दो अत्याधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए जाएंगे, जिनसे गंदे पानी का वैज्ञानिक तरीके से शोधन किया जाएगा।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है और आवश्यक ड्राइंग स्वीकृति के लिए भेजी जा चुकी है। जल शक्ति विभाग के साथ समन्वय बनाकर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा हो सके। जिला प्रशासन भी तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर रहा है।गौरतलब है कि पिछले माह प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा इस महत्वाकांक्षी योजना का शिलान्यास किया गया था, जिसके बाद निर्माण कार्य को और गति मिली है। करीब छह दशकों से शहर में समुचित सीवरेज व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी खुले में बहकर सीधे नदी में जा रहा था, जिससे प्रदूषण की समस्या लगातार बढ़ रही थी।परियोजना पूर्ण होने के बाद बिना शोधन के पानी को नदी में नहीं छोड़ा जाएगा। इससे नदी प्रदूषण में कमी आएगी और शहर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
TAGGED:
Bilaspur modern sewerage project
Chandrika
