मंडी : धर्मवीर -मंडी जिला के करसोग में सड़क की खस्ताहाल की वायरल वीडियो को अभी ज्यादा दिन नहीं बीते हैं, जिसमें सवारियां बस से उतरकर स्वयं सड़क पर पडे गड्डों को भर रहीं थीं। वहीं एक बार फिर अब बुधवार को करसोग का ही एक सप्ताह पहले की गई टारिंग उखड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो करसोग-रामपुर मुख्य सड़क पर पैंदो के समीप का है। हैरानी की बात यह है कि बीती 18 जून को लोगों ने करसोग दौरे पर आए पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भी टारिंग में बरती जा रही लापरवाही को लेकर शिकायत की थी, लेकिन इसके बाद भी लोक निर्माण विभाग आंखें मूंद कर बैठा है। ऐसे में लोगों के बीच में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। लोगों ने सरकार से गुणवत्ता को लेकर जांच कराए जाने की मांग की है। ताकि टारिंग के नाम पर हो रही पैसे की बर्बादी को रोका जा सके।
हाथ से उखड़ रही टारिंग:
बखरौट से बेहना के बीच पैंदों में एक सप्ताह पहले टारिंग हुई है, इसमें कई जगहों पर दरारे पड़ गई है। कार्य की गुणवत्ता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हाथ से टारिंग आसानी के साथ उखड़ रही है। सोशल मीडिया में जो वीडियो वायरल हो रहा हैं, उसमें एक व्यक्ति को हाथों से टारिंग को उखाड़ते हुए देखा जा सकता है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी पर लोगों के पैसे का खुले आम दुरुपयोग करने के आरोप लग रहे हैं। वही लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सड़कों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही सहन न किए जाने की बार बार बात कर रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी विभाग पर इसका कोई असर नहीं हुआ है। जिससे लोगों के बीच में सरकार की छवि भी खराब हो रही है।
16 करोड़ का लगा है टेंडर:
करसोग से रामपुर मुख्य सड़क पर बखरौट से बहना तक करीब 16 करोड़ से टारिंग का टेंडर लगा है। जानकारी के मुताबिक सड़क को पक्का करने का कार्य दो साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन कछुआ चाल की वजह से टारिंग का कार्य अभी भी पूरा नहीं हुआ है। वहीं लोगों ने जल्द से जल्द सड़क को पक्का करने की भी मांग की है।
लोक निर्माण विभाग अधिशाषी अभियंता अरविंद कुमार भारद्वाज का कहना है कि खुद मौके पर जाकर सड़क का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान अगर किसी भी तरह की कोताही पाई गई तो ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
