हमीरपुर:अरविन्द सिंह (TSN)-हमीरपुर ज़िला के सुजानपुर में अनुसूचित जाति सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की ।इस अवसर पर प्रेम कुमार धूमल के समक्ष 196 कांग्रेसी कार्यकर्ता जिनमें कई बूथ अध्यक्ष भी थे,ने कांग्रेस को अलविदा कहकर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की. सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, लेखराज ठाकुर जोगिंदर ठाकुर डॉ अशोक राणा और सुजानपुर ब्लॉक महिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुमन अटवाल ने भी इस कार्यक्रम में शामिल होकर भाजपा का दामन थाम लिया.इस मौके पर सुजानपुर के विधानसभा उपचुनाव प्रत्याशी व पूर्व विधायक राजिन्दर राणा,भाजपा एससी मोर्चा राज्य प्रभारी नितिन, भाजपा जिलाध्यक्ष देशराज शर्मा, सुजानपुर भाजपा मंडलाध्यक्ष बिक्रम राणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे ।
BJP प्रत्याशियों को जिताने का किया आह्वान
सम्मेलन के दौरान आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को रिकॉर्ड मतों से 5 वी बार जीत दिलवाने के साथ विधानसभा चुनाव में राजेंद्र राणा को जीत दिलवाने का आह्वान किया।सम्मेलन में एससी मोर्चा ने 10 प्रतिशत अधिक मत भाजपा को दिलवाने का संकल्प भी लिया गया ।सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष जोगिंदर ने पूर्व मुख्यमंत्री धूमल का स्वागत करते हुए कहा कि एससी वर्ग के उत्थान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री के योगदान को कभी भी भुलाया नही जा सकता।भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने अपने संबोधन के दौरान सरकार पर ह*मला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने केवल शिमला से संबंधित जिला के लोगों को ही प्राथमिकता दी है.उन्होंने आरोप लगाया कि हमीरपुर जिला से संबंधित कैबिनेट रैंक प्राप्त व्यक्ति ने डेढ़ साल में करोड़ो रूपये के काम शुरू कर दिया है।उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के पक्ष में सभी एकजुट होकर काम करेंगे और रिकॉर्ड मतों से जीत कर एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाएंगे।पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने लोकसभा व विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि वह हमेशा संगठन को प्राथमिकता देते हैं और संगठन ने जिसको भी पार्टी का चिन्ह दिया है उसके लिए काम किया है ।
