मंडी :धर्मवीर – बीते 14 अगस्त को पंडोंह के सांबल में फ्लैश फ्लड की चपेट में बहे दो और लोगों के शव शुक्रवार को बरामद हो गए हैं। यह शव यहां पर काम करने वाले प्रवासी मजदूरों के हैं। वहीं दो स्थानीय महिलाएं, 6 माह मां की बच्ची सहित तीन प्रवासी मजदूरों की तलाश जारी है।।
तीन दिन बाद मिले 2 प्रवासी मजदूरों के शव
बता दें कि पुलिस द्वारा पिछले तीन दिनों से लगातार मलबे में खुदाई करके इन लाशों को ढूंढा जा रहा था। वीरवार शाम को 2 प्रवासी मजदूरों की लाशों को मलबे से निकाला गया। इन प्रवासी मजदूरों की पहचान 24 वर्षीय अनमोल पुत्र अर्जुन व 39 वर्षीय कुमार गौरव कुमार पुत्र सतपाल निवासी बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने बताया कि शुक्रवार को दोनों शवों का जोनल अस्पताल मंडी में पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसके बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
गौरतलब है कि 14 अगस्त सोमवार की सुबह पंडोह के सांबल नाले में फ्लैश फ्लड के कारण भयंकर बाढ़ आ गई थी। इस बाढ़ की चपेट में प्रवासी मजदूरों सहित कुछ स्थानीय लोग भी बह गए थे। जिनमे से छह प्रवासी मजदूरों के शव सोमवार को ही बरामद हो गए थे। वहीं इसी दिन मझवाड़ में एक मकान फ्लैशफल्ड की चपेट में आने से पूरा मकान पूरी तरह से जमींदोज हो गया था। इस फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला व युवती अभी भी लापता है। 4 दिन बीत जाने के बाद भी बुजुर्ग महिला व युवती का कोई सुराग नहीं मिला है। इसके साथ ही वीरवार शाम को दो और प्रवासी मजदूरों के शव मिलने के उपरांत मंडी जिला में भूस्खलन व फ्लैश फ्लड के कारण जान गवाने वालों की संख्या 19 से 21 हो गई है। जबकि अन्य लोगों की तलाशी जारी है।
