Shimla, 26 October :-हिमाचल प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जानकारी दी है कि दिसंबर माह में प्रदेश में तीन राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर वे जुब्बल में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को जुब्बल में ठाकुर रामलाल स्वर्ण जयंती राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय छात्रा अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में हिमाचल प्रदेश में तीन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें देशभर के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से खिलाड़ी भाग लेंगे। इन प्रतियोगिताओं में अंडर-14 छात्र वॉलीबाल, तथा अंडर-19 छात्र वर्ग के हैंडबॉल और कबड्डी शामिल होंगे। इन आयोजनों के लिए 1 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में इस बार 12 जिलों और एक खेल छात्रावास की कुल 507 छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।
खिलाड़ियों की डाइट मनी बढ़ाई — उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान”
रोहित ठाकुर ने कहा कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ खेलों का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि सरकार ने खिलाड़ियों की “डाइट मनी” 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये प्रतिदिन कर दी है। साथ ही, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार द्वारा सम्मानित करने की योजना भी शुरू की गई है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 9 खेल छात्रावास संचालित हैं, जिनमें से जुब्बल का ठाकुर रामलाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छात्रावास सबसे बड़ा बनकर उभरा है। 1987 में स्थापित इस छात्रावास में पहले केवल वॉलीबाल का प्रशिक्षण दिया जाता था, लेकिन अब कबड्डी और बैडमिंटन को भी शामिल किया गया है।2.27 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास का नया भवन बनाया गया है, जबकि विद्यालय के साइंस ब्लॉक का निर्माण 2.47 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
आईटीआई जुब्बल का भवन नवंबर में होगा समर्पित
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जुब्बल के डकैढ़ गांव में 17 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (TTI) स्थापित किया जा रहा है, जो क्षेत्र की शिक्षा में मील का पत्थर साबित होगा।इसके अलावा, आईटीआई जुब्बल का नया भवन नवंबर माह में जनता को समर्पित किया जाएगा।इस अवसर पर स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, तहसीलदार जितेंद्र ठाकुर, प्रधानाचार्य केशव शर्मा, कामडेंट राजपाल नेपटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोतीलाल सिथटा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
