Shimla, 26 October –लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण के पाहल में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले ढाई वर्षों में केंद्र सरकार से 4500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता लोक निर्माण और शहरी विकास विभागों को प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने प्रदेश को विकास कार्यों के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया है।
मंत्री ने बताया कि नवंबर माह में प्रदेश में 1500 किलोमीटर नई सड़कों का जाल बिछाने की मंजूरी मिल रही है, जिससे ग्रामीण इलाकों में सैकड़ों सड़क परियोजनाओं को गति मिलेगी और लाखों लोगों को सुविधा होगी।उन्होंने बताया कि पाहल पंचायत में पिछले ढाई वर्षों में 22 लाख रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही बमौत लिंक मार्ग और चेवला–टबोग सड़क के लिए भी शीघ्र बजट स्वीकृत करवाया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि “हम हर लक्ष्य को हासिल करेंगे — चाहे इसमें समय लगे, परंतु तय किए गए लक्ष्य हर हाल में पूरे होंगे।उन्होंने पंचायत को विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये, स्कूल में रसोईघर निर्माण और शौचालय मरम्मत के लिए 1.5 लाख रुपये, तथा स्कूली छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति हेतु 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।
दो सड़कों का शिलान्यास और परीक्षा केंद्र का लोकार्पण
कैबिनेट मंत्री ने पाहल पंचायत के तहत 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नेहवट घैणी–देवीदार सड़क व नयासेर खड्ड पर पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। साथ ही 1.2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पाहल–बैला घाट–कोटला संपर्क मार्ग का भी शिलान्यास किया।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय बमौत के परीक्षा केंद्र का लोकार्पण भी किया।
कायना स्कूल में साइंस लेब का उद्घाटन
विक्रमादित्य सिंह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कायना में समग्र शिक्षा अभियान के तहत 22 लाख रुपये की लागत से बनी साइंस लेब का लोकार्पण किया। यह लैब फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषयों के लिए सुसज्जित है।उन्होंने स्कूल में परीक्षा केंद्र स्थापित करने हेतु तत्काल एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए और अगले वित्तीय वर्ष में इसकी स्वीकृति देने का आश्वासन दिया।मंत्री ने मिडिल स्कूल के तीन कमरों के निर्माण के लिए 3.5 लाख रुपये तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।
शिक्षा क्षेत्र में हो रहे व्यापक सुधार
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि नई लैब से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 100 स्कूलों में सीबीएसई बोर्ड लागू किया जा रहा है और स्कूलों का युक्तिकरण विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार किया जा रहा है। शिक्षा क्षेत्र में सरकार द्वारा व्यापक सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का फाइन आर्ट्स कॉलेज में योगदान
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में फाइन आर्ट्स कॉलेज की स्थापना का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह को जाता है। वर्तमान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डेढ़ वर्ष पूर्व कॉलेज का लोकार्पण किया था। आज इस कॉलेज के कारण प्रदेश की देशभर में अलग पहचान बनी है।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पार्षद मोनिका भारद्वाज, पंचायत प्रधान जनोल जीत सिंह ठाकुर, उपप्रधान रोशन लाल, प्रधानाचार्य विद्या बांशटू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला ठाकुर, यूथ कांग्रेस नेता अरुण ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन सरोज शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश शर्मा, और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
