राहुल चावला,धर्मशाला: कांगड़ा घाटी के शक्तिपीठों में नवरात्रों पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसको देखते हुए मंदिरों में व्यापक व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जा रही हैं। 22 मार्च से नवरात्रों की शुरुवात हो रही हैं। ऐसे में श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम में इन नवरात्रों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर ने 22 से 30 मार्च तक मनाए जाने वाले नवरात्र उत्सव के दौरान 31 विद्वान पंडित विभिन्न अनुष्ठान करेंगे।
मंदिर सहायक आयुक्त एवं एसडीएम धर्मशाला शिल्पी बेक्टा ने बताया कि नवरात्रों के दौरान मंदिर में सतचंडी पाठ, रुद्राभिषेक पाठ, गायत्री पाठ, भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। अष्टमी की रात शास्त्रीय संगीत का आयोजन होगा, जबकि नवमी को नवरात्रों के दौरान रखे गए पाठ की पूर्णाहुति डाली जाएगी। श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम के साथ आदि हिमानी चामुंडा मंदिर में भी इस तरह से अनुष्ठान किए जाएंगे, जिसके लिए पुजारी सहित 3 लोगों की टीम मंदिर में भेजी गई हैं।
नवरात्रों के दौरान चामुंडा मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था हेतु जिला पुलिस से एडिशनल सिक्योरिटी की मांग की गई हैं। नवरात्रों के चलते हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए 14 सीसीटीवी कैमरे इंस्टाल किए जाएंगे, जो मंदिर परिसर में पहले से इंस्टाल सीसीटीवी कैमरों के अतिरिक्त होंगे।
