नीरज डोगरा, शिमला: 5 अक्टूबर यानी बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिलासपुर में एम्स का उद्घाटन करने के साथ ही एक विशाल रैली को भी संबोधित करेंगे। इस रैली में ज्यादा से ज्यादा जनता को शामिल किया जा सके इसके लिए भाजपा की ओर से पूरी तैयारियां की गई है। राजधानी शिमला से भी 4500 कार्यकर्ताओं को बिलासपुर इस रैली में ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
शिमला भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मेहता ने बताया कि कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर सभी उत्साहित है। साथ ही केंद्र सरकार की ओर से मिलने जा रहे एम्स के बड़े तोहफे को लेकर जनता में भारी ख़ुशी है। रवि मेहता ने कहा कि प्रदेश की जनता ने यह कभी नहीं सोचा था कि हिमाचल प्रदेश की धरती पर भी एक जैसा बड़ा स्वास्थ्य संस्थान खोला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रयास से हिमाचल प्रदेश की जनता को यह बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि एम्स खुलने के बाद प्रदेश की जनता को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अब प्रदेश में ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी। रवि मेहता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुल्लू जाने का भी कार्यक्रम है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान रघुनाथ के दर पर शीश नवाएंगे ओर कुल्लू दशहरे में भाग लेंगे।
