राकेश, ऊना: ऊना जिला में पौधारोपण को प्रोत्साहन देने के लिए जिला स्तरीय 74वां वन महोत्सव हिमाचल के अंतिम छोर की पंचायत गोंदपुर जयचंद में मनाया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बत्तौर मुख्यतिथि शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने आम का पौधा रोप कर इस पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुवात की।
इस दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वन महोत्सव मात्र औपचारिकता नहीं होनी चाहिए बल्कि इस दौरान रोपित किए पौधों का संरक्षण करना भी हमारा मुख्य कर्त्तव्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव के तहत जिस स्थान पर पौधारोपण किया गया है वहां पर बाड़बंदी की जानी चाहिए ताकि पौधे सुरक्षित रहकर एक बडे़ पेड़ का आकार ले सके। इससे हमारी भावी पीढ़ी को एक स्वच्छ व स्वस्थ वातारण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों से हमारी धार्मिक आस्थाएं जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने लोगों से आवाह्न किया कि वे पीपल, बरगद व आम के पेड़ों का कटान न करें। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में वन का दायरा बढ़ा हैं, लेकिन जिला ऊना में वनों में कमी आई है जोकि चिंता का विषय हैं। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना मानवता के लिए आवश्यक है और उनका अपने बच्चों की तरह पालन-पोषण करें ताकि जब भी पेड़ों की गणना हो तो पिछले वर्ष लगाए गए पेड़ों से उनकी संख्या में बढ़ौत्तरी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वन विभाग को भी पेड़ों के कटान पर पूर्णतः अंकुश लगाना चाहिए ओर वन विभाग बैरियरों पर भी कड़ी नज़र रखें। इसके अतिरिक्त मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि फॉरेस्ट क्लीरेंस (एफसीए) के मामलों ओर खैर के पेड़ों के कटान की अनुमति भी प्रदेश सरकार को मिल चुकी हैं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में बनाए गए सभी वन सरोवरों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करें।
जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अधिक से अधिक पौधा रोपण करके हरित आवरण को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नंगी धारों को हरा भरा करना योजना के तहत ऊना वन मंडल में रामगढ़ धार के टांडा बगवां में 15 हैक्टेयर भूमि पर 7,500 लंबे पौधे लगाए जा रहे हैं। इसी तरह पूरे जिला में कुल 2,66,101 पौधे रोपित किए जाएंगे।
