अरविंदर सिंह,हमीरपुर: स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से हमीरपुर में खोले गए नेशनल स्पोर्ट्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अलग-अलग खेलों में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को एडमिशन देने के लिए यहां प्रोसेस शुरू हो गया हैं। यहां युवा खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, हॉकी, जुडो बैडमिंटन और कुश्ती जैसे खेलों में एडमिशन देने के लिए ट्रायल लिए जाएंगे।
करीब 64 खिलाड़ियों को इन अलग-अलग कैटेगरी के स्पोर्ट्स में एडमिशन दी जाएगी और अगले कई सालों तक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में इन खिलाड़ियों को तराश कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट खिलाड़ी बनाया जाएगा जो प्रदेश और देश का नाम इंटरनेशनल स्तर पर रोशन कर सकेंगे। अभी इन खिलाड़ियों के रहने का इंतजाम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से नहीं किया जाएगा । खिलाड़ियों को अपने स्तर पर रहने की व्यवस्था करनी होगी ।
राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र के सहायक निदेशक मनोज आवती ने बताया कि 24 व 25 जुलाई को एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो और कुश्ती के ट्रायल्स हो रहे हैं । सहायक निदेशक ने बताया कि राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में एथलेटिक्स में 5 लडक़ों और 7 लड़कियों,बैडमिंटन में 2 लडक़ों और 3 लड़कियों, बॉक्सिंग में 8 लडक़ों और 10 लड़कियों, हॉकी में 7 लडक़ों और 6 लड़कियों, जूडो में 5 लडक़ों और 2 लड़कियों, कुश्ती में एक लडक़े और 8 लड़कियों की सीटें उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल से ही करीब 400 खिलाड़ियों ने इन अलग-अलग खेलों में एडमिशन पाने के लिए ट्रायल के लिए आवेदन किया हैं।
सहायक निदेशक मनोज आवती ने बताया कि आज ही चयनित खिलाड़ियों को सेंटर में ट्रेनिंग से लेकर उन्हें स्पोर्ट्स का सारा आधुनिक आधारभूत ढांचा तैयारी के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा । साथ ही खिलाड़ियों का 2.50 लाख रुपए तक का लाइफ इंश्योरेंस ही किया जाएगा। इसके अलावा यदि उन्हें खेल के दौरान या तैयारी के दौरान कोई चोट लग जाती है तो इसके लिए 5 लाख का अलग से मेडिकल इंश्योरेंस उनका किया जाएगा।
