बिलासपुर:सुभाष (TSN)-बिलासपुर की गोबिंद सागर झील किनारे स्थित लुहणू मैदान में आयोजित 7 दिवसीय राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में मुख्य कलाकार सूफी गायक शफी सोपोरी के नाम रही। इसके अलावा इंडियन आइडल फेम कुमार साहिल, वॉयस ऑफ हिमालय योगेश मुकुल, गायिका राखी गौतम व लोक गायक विनोद रांटा ने भी खूब धमाल मचाया ।
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में मंडलायुक्त मंडी राखिल काहलों ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर संध्या का आगाज किया। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत श्याम लाल गुग्गा पार्टी ने गुग्गा गाथा से की। इसके अलावा कुमारी मुस्कान, अभिषेक कुमार, मधु एंड पार्टी डांस ग्रुप, चमन लाल, साहिल डांस, कंचन वर्मा, मनु शिमला ने भी अपनी प्रस्तुति दी। पहली सांस्कृतिक संध्या में निशांत कपूर व गौरव शर्मा ने मंच संचालन किया। इस दौरान पहली बार करवाया गया लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहा।
