कण्डाघाट/ योगेश शर्मा – मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कण्डाघाट में प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बागवानी, पर्यटन और सम्बद्ध क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
मुख्यमंत्री ने आवश्यक मापदण्डों को पूरा करने पर ममलीग में राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोलने की भी घोषणा की। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा हिमाचल के अस्तित्व में आने के 75 वर्ष पर आधारित थीम सॉन्ग और प्रदेश के शानदार इतिहास को दर्शाते वृत्तचित्र का भी प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कण्डाघाट में सोलन विधानसभा क्षेत्र के लिए 145 करोड़ रुपये लागत की 13 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने पट्टी कोलियां और साथ लगती ग्राम पंचायत डांगरी के गांवों के लिए 1.18 करोड़ रुपये लागत की उठाऊ जलापूर्ति योजना के संवर्द्धन कार्य, 28 लाख रुपये की उठाऊ जलापूर्ति योजना नौणी मझगांव, 5.50 करोड़ रुपये से निर्मित कौशल विकास केन्द्र, 1.91 करोड़ रुपये से निर्मित राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, कीन-क्यार गांव के नजदीक अश्वनी खड्ड पर 1.70 करोड़ रुपये से निर्मित पैदल पुल, 25.61 करोड़ रुपये लागत से निर्मित सोलन-राजगढ़ बाईपास सड़क तथा सोलन के जटोली में 30.31 करोड़ रुपये से निर्मित इनडोर ऑडिटोरियम के लोकार्पण किए।
जय राम ठाकुर ने ग्राम पंचायत वाकना, क्वारग, छावशा, बीशा, सैंज, सिरीनगर, कोट, मही के विभिन्न गांवों के लिए 55.38 करोड़ रुपये से गिरी नदी से जलापूर्ति योजना के स्त्रोत के सुदृढ़ीकरण कार्य, सोलन तहसील के अन्तर्गत 8.71 करोड़ रुपये से उठाऊ जलापूर्ति योजना कोठी बाड़ा, उठाऊ जलापूर्ति योजना धरोल बाशा, ग्रेवेटी जलापूर्ति योजना छावशा और ग्रेवेटी जलापूर्ति योजना गनोरी के संवर्द्धन कार्य, कण्डाघाट तहसील की ग्राम पंचायत दंघील में एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना दमधार बखोर, पौंदी के नजदीक अश्वनी खड्ड पर 1.55 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले पैदल पुल, कथैड़ में 9.61 करोड़ रुपये की उप सब्जी मंडी तथा वाकनाघाट में 4.69 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली उप सब्जी मंडी के शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व इस अवसर पर बान का पौधा भी रोपा और क्षेत्र के लिए एंबुलेंस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
