संजीव महाजन,नूरपुर:राजस्थान में बीते दिनों एक अध्यापक की ओर से तीसरी कक्षा के दलित छात्र की पीट पीट कर हत्या के विरोध में विधानसभा ज्वाली के अनुसूचित जाति व ओबीसी समुदाय के लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता उजागर सिंह के नेतृत्व में एसडीएम ज्वाली महिंदर प्रताप सिंह के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन केे माध्यम से समुदाय के लोगों ने हत्यारे अध्यापक को फांसी की सजा देेने कि मांग उठाई है जिससे कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो ।
उजागर सिंह ने कहा कि दलित छात्र का बस इतना ही दोष था कि उसने अपनी प्सास बुझाने के लिए पानी से भरे मटके को छू लिया था। एक ओर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं देश को कलंकित कर रही है। उन्होंने मांग उठाई है कि जातिवादी मानसिकता को बंद किया जाए। ऐसे मामलों के आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।
उन्होंने कहा कि दलितों के ऊपर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं जिससे देश व प्रदेश के दलित समुदाय के लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे है।ज्ञापन में ज्वाली के चलवाड़ा गांव में पिछले दिनों गोलीकांड के मामले की किसी उच्च एजेंसी से जांच करवाने की मांग भी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित दलित युवक के मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है।
