भावना, शिमला: राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार और आईजीएमसी के बाहर से रेहड़ी फड़ी वालो को हटाने पर तहबाजारी यूनियन भड़क गई है। यूनियन ने आइजीएमसी के बाहर वर्षों से रेहड़ी फड़ी लगाने वालो के साथ एमएस राहुल गुप्ता की ओर से मारपीट करने के आरोप लगाए है। बुधवार को रेहड़ी फड़ी तहबाजारी यूनियन का प्रतिनिधिमंडल रेहड़ी फड़ी को उजाड़ने के खिलाफ नगर निगम शिमला के अतिरिक्त आयुक्त बाबू राम शर्मा से मिला व उन्हें एक मांग सौंपा। इस मांग पत्र में शहर में रेहड़ी फड़ी वालों को परेशान न करने और उचित जगह देने की मांग यूनियन ने की है।
यूनियन ने नगर निगम शिमला को चेताया है कि यदि स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट 2014 को सख्ती से लागू न किया गया व तहबजारियों को कानून के विरुद्ध उजाड़ना बंद न किया गया तो यूनियन आयुक्त कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होगी।
यूनियन के अध्यक्ष सुरेंद्र बिट्टू ने कहा कि नगर निगम शिमला व आईजीएमसी प्रशासन के अधिकारी एमएस की ओर से रेहड़ी फड़ी तहबजारी में कार्यरत लोगों को लगातार बेवजह परेशान कर रहे है। उनका समान जब्त कर रहे है। उनसे मार – पीट कर रहे है।उन्हें डरा-धमका रहे है ओर उनसे बदतमीजी कर रहे है। ऐसा करके प्रशासन के अधिकारी स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट 2014 का खुला उल्लंघन कर रहे है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ नगर निगम शिमला इस कारोबार के दायरे से बाहर अपने व प्रदेश सरकार के दर्जनों चहेतों को गैरकानूनी तरीके से स्ट्रीट वेंडर्स सर्टिफिकेट जारी करता रहा है और दूसरी ओर रेहड़ी फड़ी तहबजारी का वास्तविक कार्य करने वाले सैंकड़ों लोगों को आज भी स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट के नियमानुसार सर्टिफिकेट जारी नहीं हुए है। उन्होंने कहा की नगर निगम इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करे और जहां वर्षों से रेहड़ी फड़ी का कारोबार कर अपने परिवार का पालन पोषण करने वालों को न हटाया जाए।
