सोलन/योगेश शर्मा: विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस भाजपा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और जनता की नब्ज टटोलने में लगी है । इसी कड़ी में लगातार फीडबैक भी कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी हाईकमान द्वारा ली जा रही है। वहीं आज दिल्ली में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में हिस्सा लेने गए 10 जनपद की करीबी कर्नल धनीराम शांडिल ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले। कर्नल धनीराम शांडिल ने करीब 35 मिनट तक सोनिया गांधी के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा के बारे में फीडबैक ली गई। इस दौरान सोनिया गांधी ने कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए हिमाचल प्रदेश में कार्यकर्ताओं को हरदम कार्य करने का संदेश दिया और कहा कि सभी को पार्टी की मजबूती और चुनाव में जीत को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस के विकास कार्य को जन जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करना होगा। वहीं धनीराम शांडिल ने कहा कि सोनिया गांधी ने कार्यकर्ताओं को एक ही संदेश दिया है कि वे लोग एकजुट होकर कार्य करें। इस दौरान उनके द्वारा हिमाचल प्रदेश में बनने वाले कांग्रेस के मेनिफेस्टो को लेकर भी विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा की गई।
धनीराम शांडिल का टिकट पर लग सकती है मोहर
सोनिया गांधी से हुई कर्नल धनीराम शांडिल की मुलाकात को लेकर अब हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ सोलन विधानसभा सीट पर भी सियासत गर्मा चुकी है। फिलहाल धनीराम शांडिल का टिकट सोलन विधानसभा सीट से तय माना जा रहा है , लेकिन कांग्रेस का एक धड़ा उनके पक्ष में नहीं है ऐसे में उनकी मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे है।
