बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी में 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अश्विन नवरात्रि मेला होगा। इसकी तैयारियों व आवश्यक प्रबंधो को लेकर उपायुक्त एवं आयुक्त मंदिर न्यास श्री नैना देवी जी पंकज राय की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में एसडीएम स्वारघाट को मेला अधिकारी तथा एसएचओ कोट को सहायक पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया। उन्होंने कहा कि अश्विन नवरात्रों के दौरान श्री नैना देवी जी क्षेत्र को 9 सेक्टर में विभाजित किया जाएगा।
अश्विन नवरात्र के दौरान कानून व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए 500 से 600 पुलिस जवान तथा 150 होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि इस दौरान यातायात को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त स्टाफ नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद को निर्देश दिए कि मेले के दौरान नगर परिषद तथा निजी पार्किंग की रेट लिस्ट लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए की वे शीघ्र ही अश्विन नवरात्र मेले में ड्यूटी के लिए कर्मचारियों की लिस्ट मंदिर अधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध करवाएं ताकि ऐसे कर्मचारियों के ठहरने की व्यवस्था की जा सके।
सैक्टर चार में ज्यादा श्रद्वालुओं को जमा न होने दें
उपयुक्त ने कहा कि मेले के दौरान भीड को नियन्त्रित करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर टैंट लगाएं तथा सैक्टर चार में ज्यादा श्रद्वालुओं को जमा न होने दें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि गाड़ियों का निर्धारित किराया तथा पार्किग शुल्क लेना सुनिश्चित करें ताकि किसी श्रद्वालु से अधिक शुल्क न देना पड़े।
