बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: हिमाचल प्रदेश के सभी तहसीलदार , नायब तहसीलदार एवं समस्त राजस्व अधिकारी 24 सितम्बर से 26 सितम्बर तक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। ये फैसला केबिनेट की बैठक में राज्य सरकार द्वारा राजस्व अधिकारियों की मांगो से संबधिंत कोई भी फैसला नहीं लिये जाने के चलते लिया गया है। केबिनेट की बैठक को लेकर प्रदेश राजस्व अधिकारी महासंघ ने नाराजगी जताई है।
उम्मीद के अनुरूप फैसला न आने से निरुत्साहित प्रदेश भर के सभी राजस्व अधिकारियों ने 22 तारिख की शाम को एक वर्चुएल बैठक का आयोजन किया। जिसमें पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 के बाद की रणनिति तय की गई और 24 सितम्बर से 26 सितम्बर तक सामूहिक अवकाश पर जाने का निर्णय लिया गया।
इस संदर्भ में प्रदेश राजस्व अधिकारी महासंघ के अध्यक्ष जय गोपाल शर्मा ने अपना रोष प्रकट जताते हुए कहा कि इस तीन दिन के विरोध रुपी सामूहिक अवकाश के निर्णय के बाद भी अगर प्रदेश सरकार ने पिछले पांच सालों की तरह हमारे वर्ग के साथ सौतेला व्यवहार करना जारी रखा और हमारी मांगों पर कोई विचार नही किया तो आगामी एक अक्टूबर से प्रदेश भर के राजस्व अधिकारयों को अनिश्चित काल के लिए सामुहिक अवकाश पर जाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उसके बाद होने वाले किसी भी परिणाम के लिए राजस्व अधिकारी जिम्मेवार नहीं होंगे।
