अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश ने चुनावी माहौल के बीच हमीरपुर से सीपीआईएम के टिकट के दावेदार डॉ.कश्मीर सिंह ठाकुर भी चुनावी मैदान में कूद गए है। कश्मीर सिंह ने आज हमीरपुर ने प्रेस वार्ता कर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। इस प्रेस वार्ता में उन्होंने कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर निशाना साधा है उन्होंने कहा कि जो लोग रात को मंहगे दामों पर आम जनता को रेत बजरी बेच कर लूटते है और दिन में वे लोग अदानी बन जाते है। ऐसे लोगों को जनता अच्छे तरीके से जानती है।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर में दान करने वालों का प्रचलन काफी बढ़ चुका है, लेकिन जनता सब जानती है। उन्होंने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज की खस्ता हालत पर सवाल उठाएं। उन्होंने कहा कि कॉलेज के हालात बदतर है और यह मात्र एक रेफरल अस्पताल बन गया है। यहां से मरीज को टांडा रेफर करते है,लेकिन रास्ते में ही कई लोगों की मौत हो जाती है। हालत सुधारने के लिए ना तो भाजपा ने कुछ किया और ना ही कांग्रेसी सरकारों ने। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे और जनता की सेवा में काम करेंगे ओर उनकी पार्टी पुरानी पेंशन बहाली को लेकर काम करेगी।
उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कंपनियों को राजनीतिक आशीर्वाद मिला हुआ है, जिस पर वह कर्मचारियों का शोषण कर रहे हैं। हमीरपुर जिला में आज तक कोई बड़ा उद्योग नहीं लग पाया है। उनका प्रयास रहेगा कि यहां एक बड़ा उद्योग यहां लगे, ताकि यहां के युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि मनरेगा मजदूरों को बढ़ी हुई दिहाड़ी मिले इस पर भी काम किया जाएगा। वहीं हमीरपुर में पिछले कई सालों से नए बस स्टैंड का काम अधर में लटका हुआ है। इसके निर्माण को लेकर भी हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों बड़ी पार्टियां आज तक सिर्फ घोषणा ही करती आई हैं। आज जरूरत काम करके दिखाने की है, ताकि जनता को विकास के साथ सुविधाएं भी मिल सके।
